
हिंदी के संवर्धन एवं विकास के लिए तथा जनमानस में हिंदी भाषा के प्रचार एवं प्रसार करने के लिए एपीजे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा में मंथन – अंतर्विद्यालयी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । जिसमें नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के कई विद्यालयों ने प्रतिभाग किया । कार्यक्रम का शुभारंभ एपीजे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की आदरणीया प्रधानाचार्या महोदया डॉ. सरिता पांडे ने मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कवयित्री , लेखिका डॉ. उमंग जौली सरीन तथा साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित डॉ. युवराज भट्टराई जी के साथ दीपप्रज्ज्वलन कर प्रारम्भ किया । इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय की छात्राओं द्वारा माँ सरस्वती का आह्वान किया गया ।
तदुपरान्त कार्यक्रम में आए अतिथियों को शाल एवं पुस्तक प्रदान कर उनका सम्मान किया गया । इसके साथ ही विद्यालय में आयोजित होने वाली मंथन – अंतर्विद्यालयी प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया । यह प्रतियोगिता कक्षा तीसरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई । जिसमें हास्य कवि स्पंदन प्रतियोगिता में तीसरी कक्षा से क्रमशः प्रथम स्थान एपीजे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा के छात्र अर्शित मोहन , द्वितीय स्थान गौर इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा नविका तिवारी तथा डी.पी.एस. नॉलेज पार्क की अनायशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । हमारी संस्कृति एवं हमारी विरासत पर आधारित प्रतियोगिता में कक्षा चार से प्रथम स्थान फादर एग्नल स्कूल , ग्रेटर नोएडा की छात्रा आरिया सचदेवा एवं द्वितीय स्थान ए पी जे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा के छात्र अंश तथा पेसिफिक वर्ल्ड स्कूल की छात्रा मिहिका शेखर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया ।
कक्षा पाँचवीं के लिए प्रकृति एवं कल्पना पर आधारित पंछी बोलते हैं सस्वर कविता वाचन प्रतियोगिता में डी.पी.एस. नॉलेज पार्क – पाँच की छात्रा गौरिका सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा दूसरा स्थान जे पी पब्लिक स्कूल के छात्र अधृत जुनाकर तथा रामीश इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा वैष्णवी शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । कक्षा छह के लिए वीर रस पर आधारित वीर भोग्य वसुन्धरा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अद्विता मित्तल ने एवं द्वितीय स्थान आर्यश दीप सिन्हा तथा तृतीय स्थान अथर्व वत्स ने प्राप्त किया । ।
कक्षा सात के लिए भाषा कौशल संवर्धन पर आधारित आशुभाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गौरिका सिंह ने एवं द्वितीय स्थान दर्श सक्सेना तथा तृतीय स्थान कसक तिवारी ने प्राप्त किया । कक्षा आठवीं के लिए साहित्य के प्रसिद्ध साहित्यकार एवं कवियों की रचना पर आधारित काव्य संगोष्ठी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एकांक्ष कंकानी ने एवं द्वितीय स्थान सान्वी त्रिपाठी तथा तृतीय स्थान इज़ान रहमान ने प्राप्त किया । वहीं संस्कृत के संवर्धन एवं संस्कृत सप्ताह के पावन अवसर पर भी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया ।
इस प्रतियोगिता में कर्मणः गहनो गतिः – श्रीमद्भगवद्गीता में निहित श्रीकृष्ण – अर्जुन के संवाद को विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया । जिसमें अष्टमी कक्षा से प्रथम स्थान एपीजे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की छात्राओं ऐंजल किमोठी एवं ईरा मिश्रा को तथा द्वितीय स्थान दिल्ली पब्लिक स्कूल , नोएडा की देविशी द्विवेदी एवं प्रियांशी शर्मा ने तथा तृतीय स्थान प्रज्ञान स्कूल , ग्रेटर नोएडा के आर्जव दीक्षित एवं तन्मय बंसल ने प्राप्त किया ।
प्रतियोगिता के समापन के अवसर पर निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के उच्चतम प्रदर्शन की सराहना की तथा उनको हिन्दी भाषा को सीखने एवं उसके संवर्धन करने के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम के समापन पर एपीजे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या महोदया डॉ. सरिता पांडे जी ने अपने उद्बोधन में विविध विद्यालयों से आए हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं ।
